उत्तर भारत के पांच राज्यों में शीतलहर का अलर्ट, घने कोहरे से कई शहरों में दृश्यता 25 मीटर से भी कम

उत्तर भारत के पांच राज्यों में शीतलहर का अलर्ट, घने कोहरे से कई शहरों में दृश्यता 25 मीटर से भी कम

धीरे- धीरे ठंड ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। दिल्ली समेत कई राज्यों में बढ़ती ठंड और घने कोहरे का प्रकोप देखा जा रहा है । पूरे उत्तर भारत पर घने कोहरे और धुंध की चादर छाई हुई है। रविवार के रात से ही उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में विजिबिलिटी खासी कम देखने को मिली। दिल्‍ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश, पंजाब, बिहार और हरियाणा तक कोहरे की मार देखने को मिल रही है।

देश के कई राज्यों में ठंड का सितम बढ़ता ही जा रहा है। खासकर दिल्ली, पंजाब और हिमाचल समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान लगातार नीचे गिरता जा रहा है। मैदानी इलाकों में कोहरा इस कदर छाया है कि विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम हो गई है। सड़कों पर गाड़ियां रेंगती हुई दिखाई दे रही हैं। वहीं कुछ राज्यों में बारिश के भी आसार हैं। 

इन सभी राज्यों में भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD)ने 'येलो' अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्‍ली और पूर्वी-पश्चिमी राजस्थान में शीतलहर चलेगी। दिल्‍ली-एनसीआर, यूपी और पंजाब-हरियाणा में पूरे हफ्ते घने कोहरे का अलर्ट है। वहीं आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने का अनुमान है। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी और कम हो सकती है।

मौसम विभाग ने आज यानी 20 दिसंबर को कई शहरों की विजिबिलिटी रिपोर्ट साझा की है। दिल्ली के पालम में सुबह करीब 5.30 बजे विजिबिलिटी 25 मीटर रही वहीं सफदरजंग में 50 मीटर रही। पंजाब के भटिंडा में अत्यधिक घने कोहरे के कारण जीरो विजिबिलिटी रही। अमृतसर, पटियाला और लखनई में विजिबिलिटी 25 मीटर दर्ज गई है। 

कोहरा एक प्राकृतिक स्थिति है जो कई तरह की होती है, जैसे समुद्र की सतह पर होने वाला कोहरा जिसे सी-फॉग कहते हैं। कई बार कोहरा एकदम से घना होता है और फिर तुरंत ही गायब हो जाता है, इसे फ्लेश फॉग कहते हैं। ये फॉग हवा में नमी और तापमान की वजह से अचानक आकर चला जाता है।

दिल्ली में सुबह आठ बजे तापमान गिरकर 9 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं आज अधिकतम तापमान 22 डिग्री तक रह सकता है। राजधानी में जिस तरह से तापमान में गिरावट हो रही है उससे साफ लग रहा है कि आने वाले दिन मुश्किल भरे होंगे।